हाथरस जनपद क्षेत्र के गांव किदौली में लगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला, जिसमें 203 पशुओं का हुआ निःशुल्क उपचार.।
हाथरस – राजकीय पशु चिकित्सालय हाथरस मण्डीसमिति क्षेत्रान्तर्गत गांव किदौली मे पशुपालन विभाग द्वारा आज दिनांक 25/11/2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय
आरोग्य मेला/शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ ग्राम प्रधान द्वारा गोपुजन तथा फीता काटकर किया गया। शिविर में ग्राम किदौली एवं आसपास के क्षेत्रों से आए पशुपालकों तथा ग्रामवासियों ने अत्यंत उत्साह के साथ शिविर मे सहभागिता की और अपने पशुओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा कराई। शिविर के दौरान कुल 203 छोटे-बड़े पशुओं का सफल उपचार किया गया।

विभागीय योजनाओं एवं पशुपालक जागरूकता पर उद्बोधन
शिविर में उपस्थित पशुपालकों को संबोधित करते हुए उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सदर, डॉ. गोपाल सिंह ने पशुओं में मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों के लक्षणों तथा उनके समय पर रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पशुपालकों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु संचालित प्रमुख सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

• पशुधन बीमा योजना: आकस्मिक मृत्यु या गंभीर रोग की स्थिति में पशुपालकों को होने वाली आर्थिक क्षति से बचाने हेतु पशु बीमा के लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। • स्वदेशी नंद बाल पशु मिशन योजना: उन्नत स्वदेशी नस्ल के दुधारू पशुओं के पालन को बढ़ावा देने एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हेतु विभागीय अनुदान व सहायता के बारे में अवगत कराया गया। • मुख्यमंत्री सहभागिता योजना: निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं भरण-पोषण हेतु पशुपालकों को प्रतिमाह दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। टीकाकरण एवं वैज्ञानिक पशु प्रबंधन पर मार्गदर्शन किया गया ।

कार्यक्रम में पशु चिकित्सा अधिकारी, डुक्सान, डॉ. सतीश कुमार यादव ने पशुपालकों को वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशुओं को खुरपका-मुंहपका एवं गलघोंटू जैसी घातक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित रूप से समय पर टीकाकरण कराना अत्यंत आवश्यक है।

साथ ही, उन्होंने दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने के लिए संतुलित पशु आहार, खनिज मिश्रण (मिनरल मिक्सचर) के उपयोग, स्वच्छ पेयजल तथा पशुशाला की साफ-सफाई और प्रबंधन के महत्वपूर्ण सूत्र साझा किए।
शिविर में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारीगण • डॉ. गोपाल सिंह – उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सदर • डॉ. सतीश कुमार यादव – पशु चिकित्सा अधिकारी, डुक्सान • शवि कुमारी – वेटरनरी फार्मासिस्ट, पशु चिकित्सालय मण्डी समिति तथा पशुधन प्रसार अधिकारी हरिवँश वशिष्ठ व पैरावेटो मे• रोहित कुमार, विपिन शर्मा, मनोज कुमार, पुनीत कुमार एवं बृजेश कुमार – पशु मित्र व पैरावेटो के साथ साथ क्षेत्रीय गांव वासी उपस्थित रहे ।

