हाथरस –अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की एक महत्वपूर्ण बैठक शहर के गैलेक्सी होटल स्थित श्रीनाथ जी सेवा सदन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र में 14 गौसेवकों को सुनाई गई उम्रकैद की सजा के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि गौसेवकों को दी गई सजा को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में गहरी चिंता और नाराजगी एवं भारी रोष व्याप्त है। वक्ताओं का आरोप था कि जिन लोगों ने घायलों की मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने का कार्य किया, प्रशासन के द्वारा उन्हीं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस विषय पर लंबी चर्चा के बाद संगठन ने इसे गंभीर न्यायिक और सामाजिक मुद्दा बताते हुए आवाज उठाने का निर्णय लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 22 जून 2026 को हाथरस जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की पुनः निष्पक्ष जांच कराने, तथ्यों की पुनः समीक्षा करने और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। संगठन का कहना है कि मामले में कई ऐसे पहलू हैं जिन पर दोबारा विचार किया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा बैठक में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने की रणनीति भी तैयार की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगा तथा न्याय की मांग को लेकर आगे भी प्रयास जारी रखेगा।

